रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और फुहारों ने मौसम को सुहावना बना दिया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने के आसार हैं।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 19 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बीते 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। सरगुजा और रायपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 28 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान दुर्ग में 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बागबाहरा में सबसे ज्यादा 14 सेमी बारिश
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। बागबाहरा में सर्वाधिक 14 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा महासमुंद, छुरा, राजिम और कोमाखान में 11-11 सेमी बारिश हुई।
वहीं आरंग, भटगांव, भाखरा, बिहारपुर और लटोरी में 9-9 सेमी, जबकि कुरूद, प्रतापपुर और गरियाबंद में 8-8 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
मगरलोड, कांसाबेल, कुनकुरी और मनोरा में 7-7 सेमी, जबकि छाल, चंद्रपुर, दुलदुला, खरोरा और चलगली में 6-6 सेमी बारिश हुई।
इसके अलावा अंबिकापुर, रायगढ़, पाटन, सूरजपुर, घरघोड़ा, गोबरा नवापारा, बलरामपुर, पुसौर, बगीचा समेत कई स्थानों पर 5 सेमी तक बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य कई इलाकों में भी हल्की बारिश हुई।
अवदाब के असर से बदला मौसम
मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा क्षेत्र में बना मौसम तंत्र है। मौसम विभाग के अनुसार एक अवदाब झारखंड और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में स्थित है, जो झारखंड और बिहार की ओर बढ़ रहा है।
इसके साथ ही मानसून द्रोणिका भी सक्रिय है। इसके प्रभाव से बुधवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी से अतिभारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।





