रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में हल्की फुहारों से मौसम सुहावना रहा। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों में तापमान 26 डिग्री से बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को हल्की उमस का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। हालांकि, अगले सात दिनों के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
प्रदेश में तापमान की स्थिति
गुरुवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। इसके बाद राजनांदगांव में 30.5 डिग्री और रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 21 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने के कारण बारिश के बीच हल्की उमस बनी रह सकती है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। लोरमी में सबसे ज्यादा 14 सेमी बारिश हुई। वहीं जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा तखतपुर और लालपुर थाना में 8-8 सेमी, कोटाडोल में 7 सेमी तथा रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
अगले सात दिनों तक बारिश का दौर
मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में कई जिलों में बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहने की उम्मीद है। लोगों को गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





