रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में जलभराव की स्थिति बन गई है, वहीं नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ गया है। मौसमी सब-डिविजनल बारिश सामान्य से 2 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 4 सितंबर से प्रदेश में बारिश की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है। हालांकि कुछ इलाकों में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना जताई गई है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रायपुर में बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में 4 सितंबर को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
प्रदेश के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सरगुजा और रायपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई।
इस दौरान जगदलपुर में सर्वाधिक तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सिनोप्टिक सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार, 3 सितंबर तक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद है।
इसके अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तर मध्य प्रदेश से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
पोंडी बचरा में सबसे ज्यादा 14 सेमी बारिश
बीते 24 घंटे में प्रदेश में पोंडी बचरा में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कुसमी में 8 सेंटीमीटर और दावरा कोचली में 6 सेंटीमीटर बारिश हुई।
राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बिहारपुर और प्रेमनगर में 4-4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
अंबिकापुर, कोटाडोल, प्रतापपुर, गिधौरी तुंदरा, दरिमा, बेलगहना, सोनहत, बिल्हा, पामगढ़, खड़गवां, मस्तूरी, लटोरी, उदयपुर और रघुनाथ नगर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा बोदरी, बसना, लवन, शंकरगढ़, पटना, सकरी, चलगली, कुकदुर, कसडोल, पिथौरा, पचपेड़ी, बोदला और लखनपुर में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के अधिकांश अन्य स्थानों पर इससे कम बारिश रिकॉर्ड की गई।





