July 29, 2026

बस्तर अपडेट: मलेरिया का बढ़ता खतरा, 223 किलो गांजा जब्त, नक्सल डंप बरामद और ऑटो चालकों की हड़ताल

मेडिकल कॉलेज में बढ़े मलेरिया के मरीज, 48 घंटे में 60 भर्ती
जगदलपुर। बस्तर संभाग में मानसून के साथ मलेरिया के मामलों में तेजी दर्ज की जा रही है। पिछले 48 घंटों के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 60 मलेरिया मरीज भर्ती किए गए हैं। इनमें कई मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। संक्रमण बच्चों तक भी पहुंच चुका है और शिशु वार्ड में भी मरीज भर्ती हैं। दरभा, नानगुर, लोहंडीगुड़ा और वनांचल क्षेत्रों से लगातार मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बुखार को सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज नहीं करने और समय पर जांच कराने की अपील की है।

223 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
सुकमा। कोंटा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक लग्जरी कार से 223 किलो गांजा जब्त किया है। मामले में राजस्थान के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में खुलासा हुआ कि पुलिस को चकमा देने के लिए वाहन में फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। इंजन और चेसिस नंबर के सत्यापन के बाद वाहन का वास्तविक पंजीयन सामने आया। पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा सीमा से गांजा खरीदकर राजस्थान ले जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने कार, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त कर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जंगल से 297 जिंदा कारतूस बरामद
नारायणपुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने ओरछा क्षेत्र के जंगल में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का एक डंप बरामद किया है। कार्रवाई में अलग-अलग बोर के 297 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जंगलों में छिपाए गए हथियार और गोला-बारूद की तलाश लगातार जारी है। ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

नई बस स्टैंड व्यवस्था के विरोध में ऑटो चालकों की हड़ताल
सुकमा। जिला मुख्यालय में बस स्टैंड की नई व्यवस्था के विरोध में ऑटो चालकों ने हड़ताल शुरू कर दी है। इसके चलते यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऑटो चालकों का कहना है कि वर्षों से वे निर्धारित स्थान से सवारी उठा रहे थे, लेकिन अब उन्हें बस स्टैंड के पीछे खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे उनकी आय प्रभावित होगी। उन्होंने स्थायी ऑटो स्टैंड की व्यवस्था और पुराने स्थान से संचालन की अनुमति देने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि बस स्टैंड में बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन और ऑटो यूनियन के बीच जल्द समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं।