रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के पहले दिन भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर में इस सीजन में पहली बार पारा 45 डिग्री के पार पहुंचा।
प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, मुंगेली, राजनांदगांव समेत 10 शहरों में लू के थपेड़ों का असर देखने को मिला। माना (रायपुर) में 45.7 डिग्री, मुंगेली में 45.4 डिग्री, दुर्ग में 45.2 डिग्री, रायपुर और बिलासपुर में 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इसके अलावा सक्ती में 44.9 डिग्री, बेमेतरा में 44.8 डिग्री, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 44.4 डिग्री, गरियाबंद में 43.6 डिग्री, महासमुंद में 43.4 डिग्री, कोरबा में 43.2 डिग्री, सरगुजा और रायगढ़ में 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण बिहार और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं दक्षिण बिहार से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक द्रोणिका बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है।
26 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि गर्मी और लू का असर फिलहाल जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडाई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर समेत कई जिलों में अगले 48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।





