July 29, 2026

CG Weather Today: नवतपा से पहले छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी, रायपुर में 45°C तक पहुंचेगा तापमान, हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवतपा शुरू होने से पहले ही सूरज आग उगलने लगा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में गुरुवार को भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिला। रायपुर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि माना में सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रात तक गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे थे। हालात ऐसे रहे कि लोगों के लिए कुछ मिनट घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया।

रायपुर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर में ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक आज राजधानी का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिलों में एक-दो स्थानों पर हीटवेव चलने की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की एडवायजरी

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी है। विभाग ने अधिक पानी और तरल पदार्थ पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और पूरे शरीर को ढंककर रखने की अपील की है।