रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में जहां एक ओर तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने आज हल्की बारिश, अंधड़ और वज्रपात की संभावना जताई है। इससे लोगों को तपती गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है, हालांकि उमस बढ़ने के आसार भी हैं।
सोमवार को रायपुर में सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। दोपहर तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि बिलासपुर में पारा 44 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं और रात में भी बनी रहने वाली उष्ण लहर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी में पिछले एक दशक में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा चुका है, जबकि इस साल तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, वहीं तेलंगाना से कोमोरिन तक द्रोणिका सक्रिय है। इसके साथ ही पूर्वी बिहार से मध्यप्रदेश होते हुए छत्तीसगढ़ तक एक अन्य द्रोणिका फैली हुई है। इन सिस्टम्स के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना बनी हुई है।
विभाग ने 21 अप्रैल को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। साथ ही कुछ इलाकों में तेज अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इन गतिविधियों के चलते अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। अगले कुछ दिनों में तापमान फिर से बढ़ने का अनुमान है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। साथ ही दिन में गर्म हवाएं चलने और रात में भी गर्मी का असर बना रहने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और बदलते मौसम के दौरान सावधानी बरतें, ताकि लू और वज्रपात जैसी स्थितियों से बचा जा सके।





