रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। आषाढ़ माह की शुरुआत के साथ प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को उमस से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर एक निम्न दाब क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। यह सिस्टम अगले दो से तीन दिनों में और अधिक मजबूत होने की संभावना है।
प्रदेश में कहां कितना रहा तापमान
गुरुवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। इस दौरान प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सक्रिय हैं कई मौसम प्रणालियां
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम राजस्थान से लेकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके अलावा 21 डिग्री उत्तर अक्षांश पर एक विंड शियर जोन भी सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
कुछ जिलों में अंधड़, वज्रपात और भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लगातार बदलते मौसम के बीच लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।





