September 4, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में यलो अलर्ट; 2 सितंबर से घटेगी बारिश की तीव्रता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होने के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। निम्न दबाव समेत कई मौसम प्रणालियों के प्रभाव से सरगुजा और रायपुर संभाग में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश दर्ज की गई। मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 2 फीसदी कम बारिश हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी तटीय ओडिशा तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, 2 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में भी आज बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज-चमक होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

कई जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।

चांदो में 29 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटों में चांदो में सबसे ज्यादा 29 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कोटाडोल में 17 सेमी, कुसमी में 13 सेमी, प्रतापपुर और शंकरगढ़ में 12-12 सेमी, सामरी में 9 सेमी तथा भखारा और धमतरी में 7-7 सेमी बारिश हुई।

राजधानी रायपुर में भी 7 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बलरामपुर, कुकरेल, केल्हारी, डौरा कोचली और तोकापाल में 6-6 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी हल्की बारिश हुई है।