रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसमी वर्षा की स्थिति फिलहाल सामान्य के आसपास है और इसमें 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
रायपुर में सुबह से बारिश
राजधानी रायपुर में सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। हल्की से मध्यम बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को रायपुर में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बारिश कराने वाला सिस्टम एक्टिव
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र 15 अगस्त को उसी इलाके में अच्छी तरह से चिन्हित कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब यानी डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बलरामपुर में मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
रविवार को इन इलाकों में हुई बारिश
रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश भैसमा और लवन में 9-9 सेंटीमीटर दर्ज की गई। ओडगी में 8 सेंटीमीटर और कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर बारिश हुई। बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।





