July 30, 2026

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक, अगले 5 दिनों तक बारिश-आंधी के आसार; रायपुर में फिर बरस सकते हैं बादल

रायपुर। गर्मी और उमस से परेशान लोगों को आखिरकार राहत मिल गई है। 22 जून को मानसून ने छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर लिया, जिसके बाद प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। दंतेवाड़ा, बीजापुर, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। वहीं आगामी पांच दिनों तक बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह मौसम सुहावना रहा। शहर में बादल छाने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने के संकेत हैं। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रदेश में सोमवार को दक्षिणी इलाकों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। जगदलपुर में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 3 सेंटीमीटर, नानगुर और बलरामपुर में 2-2 सेंटीमीटर तथा कटेकल्याण, गीदम, भैरमगढ़ और गादीरास में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान से बिहार तक फैली मौसमी द्रोणिका और तेलंगाना से तमिलनाडु होते हुए मन्नार की खाड़ी तक बने सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है।

विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है। अगले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने के संकेत हैं।