September 4, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, 3 दिन एक्टिव रहेगा मानसून

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। नए मौसम तंत्र के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दुर्ग में सबसे अधिक 32.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी रायपुर के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।

बारिश के आंकड़ों के मुताबिक केल्हारी, कुटरू, सुकमा और वाड्रफनगर में 5-5 सेमी बारिश हुई। बलरामपुर, समरी और दंतेवाड़ा में 3-3 सेमी, जबकि कुसमी, जगरगुंडा, रघुनाथ नगर, कटेकल्याण, बीजापुर, गीदम और तोंगपाल में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा दोर्नापाल, सरसीवा, लटोरी, जनकपुर-भरतपुर, सोनहत, कोटाडोल, छिंदगढ़ और बगीचा में 1-1 सेमी वर्षा हुई।

रायपुर में आज बारिश के आसार

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना है।