July 30, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून की दस्तक, बस्तर में बारिश जारी, रायपुर समेत कई जिलों में गर्मी बरकरार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं। बस्तर संभाग समेत प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया है, जबकि राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अब भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और वर्षा की संभावना जताई है।

बिलासपुर रहा सबसे गर्म

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन क्षेत्रों में हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों में ओडगी में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर तथा बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं चिरमिरी, गादीरास और छिंदगढ़ क्षेत्रों में भी वर्षा हुई।

मानसून की रफ्तार पकड़ने के संकेत

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार प्रदेश में लगातार नमी आ रही है और बस्तर क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां जारी हैं। मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं और विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अगले 2-3 दिनों में आगे बढ़ सकता है मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों तथा पूर्वोत्तर राज्यों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है। इसके चलते प्रदेश में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है।