रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन माह खत्म होने के बाद भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त से बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ सकती हैं। मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में अब तक की मौसमी बारिश सामान्य से 3 प्रतिशत कम है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में कहां हुई बारिश?
पिछले 24 घंटे में कुसमी में सबसे ज्यादा 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेमी बारिश हुई। बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
अगले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।





