रायपुर। मानसून के ब्रेक के बाद छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव (लो प्रेशर) क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बूंदाबांदी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
गुरुवार को इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। शंकरगढ़ और कुसमी में 9-9 सेंटीमीटर, चांदो में 8 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा समरी में 5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बलरामपुर, दौरा कोचली, बोराई, बिहारपुर, कोटा, रामानुजनगर, मरवाही, चलगली और अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दुर्ग में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
लो प्रेशर सिस्टम का दिख रहा असर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर एक सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर तक फैला है। इसके अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है, जिसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।





