रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मंगलवार को गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बुधवार से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा, लेकिन अब कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल राज्य में सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर में सुबह से काले बादलों का डेरा है। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम सुहावना हो गया है। सुबह के समय बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट भी जारी किया गया।
पिछले 24 घंटे का मौसम
मंगलवार को प्रदेश में कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं हुई। मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा।
सक्रिय हुआ मानसूनी सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, बाराबंकी, पटना, बांकुरा और कनिंग होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी और दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर तक विस्तारित है।
अगले 24 घंटों में इसके प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बांग्लादेश तट के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का सबसे अधिक असर उत्तर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।





