September 4, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में 7 दिन बारिश के आसार, कई जिलों में यलो अलर्ट; रायपुर में सुबह से बूंदाबांदी

रायपुर। सावन माह के अंत तक छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले सात दिनों तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से 7 प्रतिशत कम रही है।

पिछले 24 घंटे में जगदलपुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में 21.6 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा।

सिनोप्टिक सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश और उसके आसपास निम्नदाब का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्नदाब क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं, उत्तरी ओडिशा और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों के चलते प्रदेश में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

शनिवार को मौसम में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। रायपुर में सुबह से मौसम बदला हुआ है। आसमान में काले बादल छाए हैं और कई इलाकों में बूंदाबांदी हो रही है। 22 अगस्त को रायपुर में सामान्यतः बादल छाए रहने तथा एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

इन इलाकों में हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राजपुर और बिहारपुर में 4-4 सेमी, डोंगरगढ़ में 3 सेमी, जबकि जनकपुर-भरतपुर और दुर्ग में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा रेंगाखार कला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इन जिलों में यलो अलर्ट

शनिवार सुबह छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।