रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होने के बाद बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर बने अवदाब के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर उत्तरी छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के करीब रही है, हालांकि कुल वर्षा में 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में 15 अगस्त को आसमान मेघमय रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
झारखंड और उससे लगे गांगेय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने अवदाब के असर से अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। तीन दिन पहले रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को रिमझिम बारिश के बीच गिरकर करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इस दौरान सरगुजा संभाग में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।





