September 4, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में 3 दिन और बारिश, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; बिजली गिरने की भी चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। 20 अगस्त को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। 21 और 22 अगस्त को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, हालांकि तेज बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है।

मानसून ट्रफ एक्टिव, निम्न दबाव का असर

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश की मुख्य वजह उत्तर झारखंड और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बिहार तथा दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ भी सक्रिय है, जो निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।

इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में लगातार नमी पहुंच रही है, जिसके कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर बना हुआ है।

इन जिलों में ज्यादा बारिश की संभावना

20 अगस्त को राजनांदगांव, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहने की संभावना है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

इन जिलों में हल्की बारिश के आसार

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में हल्की बारिश होने का अनुमान है।

20 अगस्त के बाद कमजोर होगा बारिश का जोर

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 20 अगस्त के बाद भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। यानी बारिश पूरी तरह से नहीं थमेगी, लेकिन लगातार तेज बारिश का दौर कमजोर पड़ सकता है।

रायपुर में बादल और गरज-चमक के साथ बारिश

राजधानी रायपुर में 20 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

सुकमा में भारी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान सुकमा जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।