रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज मिला-जुला बना हुआ है। कहीं हल्की बारिश हो रही है तो कहीं धूप-छांव का सिलसिला जारी है। कई दिनों के बाद बुधवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और छींटे पड़ने की संभावना जताई है।
उमस भरी गर्मी ने बढ़ाई परेशानी
बुधवार सुबह रायपुर में हल्के बादल छाए रहे और दिन में कई इलाकों में खंड वर्षा हुई। हालांकि बारिश के बाद लोगों को राहत मिलने के बजाय चिपचिपी और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। शहर में दिनभर उमस बनी रही, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई।
रायपुर का तापमान सामान्य से अधिक
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर का अधिकतम तापमान बुधवार को सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस अधिक 34.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक 26.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश में 15 जुलाई तक जितनी वर्षा सामान्यतः हो जानी चाहिए थी, उससे लगभग 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
प्रदेश में कैसा रहा मौसम?
राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई, लेकिन कहीं भी तेज वर्षा जैसी स्थिति नहीं बनी। बुधवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान बिलासपुर में 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ सिस्टम
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र के पास एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
गुरुवार के पूर्वानुमान के अनुसार, वर्षा की गतिविधियां मुख्य रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिक प्रभावी रह सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है। राजधानी रायपुर में दिनभर आकाश मेघमय रहने और देर शाम गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की सलाह: खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें तथा वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लें।





