July 30, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में गर्मी और उमस से राहत के आसार, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश-आंधी का यलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मंगलवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़ और बारिश देखने को मिली, लेकिन इसके बाद निकली तेज धूप ने लोगों को उमस से बेहाल कर दिया। वहीं बिलासपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।

रायपुर में आज भी बारिश के संकेत

बुधवार सुबह राजधानी रायपुर में आसमान बादलों से ढका रहा। मौसम विभाग ने दिनभर अंधड़ और बारिश की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

बस्तर में सबसे ज्यादा बारिश

मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। स्थानीय मौसम प्रणाली के प्रभाव से बस्तर में 5 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा करपावंड में 3 सेंटीमीटर, जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा में 2 सेंटीमीटर तथा सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में 1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले दो दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने के संकेत हैं।