रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल भीषण गर्मी से थोड़ी राहत बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सिर्फ राजनांदगांव में ही तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिला। चरमा में 3 सेमी और गरियाबंद में 1 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 5 दिनों में प्रदेश में तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोतरी भी हो सकती है।
आज सुबह 20 से अधिक जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
एक्टिव मौसम सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी बिहार के ऊपर अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इसके अलावा एक द्रोणिका भी राज्य से होकर गुजर रही है, जिसके कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
किन जिलों में अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बिलासपुर, रायपुर समेत 20 से अधिक जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा) और बारिश की संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। यहां गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में मौसम का यह बदला मिजाज आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत दे सकता है, लेकिन आंधी और बिजली गिरने की वजह से सतर्क रहने की भी जरूरत है।





