January 16, 2026

CG Weather Update | 15 जनवरी के बाद लौटेगी कड़ाके की ठंड

रायपुर।
छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मंगलवार को मौसम शुष्क बना रहा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आ रही नमी युक्त हवाओं के कारण अगले तीन दिनों तक मौसम में ठहराव की स्थिति रहने की संभावना है। इसके बाद हवा की दिशा में बदलाव के साथ तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।

प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर अधिक देखने को मिल रहा है। खासतौर पर बलरामपुर-रामानुजगंज और सरगुजा जिलों में ठंड का प्रकोप जारी है, जहां पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दक्षिणी छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बस्तर क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में फिलहाल सर्द हवाओं से कुछ राहत बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी के बाद पूरे प्रदेश में फिर से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो सकता है।

तापमान का हाल

  • अधिकतम तापमान: दुर्ग – 30.2 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान: अंबिकापुर – 4.9 डिग्री सेल्सियस

सीमावर्ती इलाकों में तेज ठंड बनी हुई है, हालांकि पाला पड़ने की स्थिति में फिलहाल कुछ विराम देखा गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में न तो बड़ी गिरावट होगी और न ही उल्लेखनीय बढ़ोतरी।

इसके बाद हवाओं की दिशा बदलने से रात के तापमान में गिरावट आएगी और कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति दोबारा बन सकती है।