March 4, 2026

CG Weather Update : अगले 3 दिन बढ़ेगा रात का तापमान, ठंड से मिलेगी राहत

रायपुर। अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान में बने पश्चिमी विक्षोभ के असर से छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।

बीते दिनों रायपुर और दुर्ग के आउटर इलाकों सहित सरगुजा संभाग में शीतलहर का असर देखा गया। आउटर क्षेत्रों में कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है, वहीं शहरों में सुबह-सुबह ठिठुरन का असर बना हुआ है। हालांकि अब धीरे-धीरे दिन की लंबाई बढ़ने से ठंड का प्रभाव कम होने लगेगा।


🌡 जनवरी के दूसरे पखवाड़े में राहत के आसार

जनवरी का पहला पखवाड़ा जोरदार ठंड के साथ बीता है। मौसम विभाग के अनुसार दूसरे पखवाड़े में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से रात के तापमान में अगले तीन दिनों तक बढ़ोतरी होगी। साथ ही लगातार आने वाले दो नए पश्चिमी विक्षोभों के कारण 26 जनवरी तक तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।

सूर्य की दिशा उत्तर की ओर होने से दिन की अवधि बढ़ने लगी है, जिससे मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आएगा। हालांकि मौसम विभाग ने रविवार को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की चेतावनी भी जारी की है।


❄ इस बार नहीं टूटा ठंड का रिकॉर्ड

ठंड के इस सीजन में मैनपाट, बलरामपुर समेत सरगुजा संभाग के कई इलाकों में शून्य डिग्री के आसपास तापमान रहने से सुबह पाला जमता रहा। रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ी, लेकिन इस बार शहर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया।

मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2019 में एक जनवरी को रायपुर का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं माना इलाके में इस सीजन जैसी ठंड पिछले करीब 15 वर्षों में देखने को नहीं मिली थी।