रायपुर। मकर संक्रांति के बाद दिन की अवधि बढ़ने लगी है और इसके साथ ही धूप में चुभन का अहसास भी तेज हो गया है। हालांकि आने वाले दिनों में ठंड का प्रभाव दिन में कम, लेकिन रात और सुबह के समय महसूस होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, तीन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से इस सप्ताह कड़ाके की ठंड का असर कमजोर रहेगा।
आसमान साफ होने के कारण प्रदेश में दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में राज्य का अधिकतम तापमान 27 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जो सामान्य से अधिक बताया जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी के आसार हैं।
☀️ जनवरी जैसी ठंड की वापसी की उम्मीद कम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी के पहले और दूसरे सप्ताह में जैसी ठंड पड़ी थी, उसकी वापसी की संभावना कम है। अब ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे सिमटना शुरू हो जाएगा। पहले जहां शाम साढ़े पांच बजे से ही अंधेरा होने लगता था, अब शाम छह बजे के बाद दिन ढल रहा है और आगे इसमें और बढ़ोतरी होगी।
14 जनवरी को मकर संक्रांति के साथ सूर्य उत्तरायण हुआ, जिसके बाद दिन की लंबाई बढ़ने लगती है। इसका असर चार दिन बाद ही नजर आने लगा है। आसमान साफ रहने से धूप की तपिश भी तेज हो गई है। रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक होकर 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि इससे पहले रात में रायपुर, दुर्ग और माना क्षेत्र में शीतलहर जैसा असर महसूस हुआ।
🌬️ पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगा न्यूनतम तापमान
अगले 24 घंटे में मौसम में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन आने वाले तीन पश्चिमी विक्षोभ के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर 26 जनवरी तक दिखाई देगा और ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे कम होता जाएगा।
❄️ आउटर इलाकों में पहले दिखेगा बदलाव
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस सीजन में माना इलाके में पिछले 15 साल में पहली बार ठंड का जोरदार असर देखने को मिला। वहीं मैनपाट, बलरामपुर, जशपुर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य डिग्री के करीब तक पहुंच गया था।
विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड का असर पहले रिहायशी इलाकों में कम होगा, इसके बाद आउटर एरिया में बदलाव महसूस होगा। आमतौर पर खुले इलाकों में ठंड और गर्मी का प्रभाव तेजी से दिखाई देता है।





