छत्तीसगढ़ में धीरे-धीरे ठंड का असर कम होने लगा है और गर्मी का अहसास बढ़ता जा रहा है। राजधानी रायपुर में दिन का तापमान रात की तुलना में लगभग दोगुना हो गया है। पिछले 24 घंटों में शहर का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दिन में बढ़कर 31.2 डिग्री तक पहुंच गया।
वहीं दुर्ग और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। दिन बीतने के साथ गर्मी का अनुभव भी लगातार बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में रायपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य रहा, लेकिन अधिकतम तापमान औसत से करीब तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री अंबिकापुर में रहा, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री दुर्ग और राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी देखी जा सकती है।
फिलहाल ठंड का मौसम ढलान पर है। रात और सुबह के समय हल्की ठंड बनी हुई है, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप की तपिश महसूस होने लगती है। सुबह सात-आठ बजे तक ठंड का असर रहता है, इसके बाद मौसम गर्म होने लगता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक पहले मैदानी इलाकों में ठंड का प्रभाव कम होगा, इसके बाद बस्तर और सरगुजा संभाग में भी असर दिखाई देगा। हालांकि फरवरी-मार्च के दौरान रात की हल्की ठंड बने रहने की संभावना है।





