रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। सुबह और शाम के समय ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान दुर्ग, बालोद, रायपुर समेत कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में सुबह के समय धुंध छाए रहने के आसार हैं।
तापमान का हाल
रायपुर शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है, जबकि माना क्षेत्र में पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। महज 10 किलोमीटर के दायरे में तापमान में इतना अंतर ठंड की तीव्रता को दर्शाता है।
प्रदेश के उत्तरी इलाकों में लगातार पाला पड़ने जैसी स्थिति बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में ठंड के स्तर में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है—
- खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
- राजनांदगांव
- मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
- दुर्ग
- बालोद
- कबीरधाम
- बेमेतरा
- रायपुर
इन इलाकों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शनिवार को सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है।
- अधिकतम तापमान: करीब 28 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान: करीब 12 डिग्री सेल्सियस





