May 14, 2026

जशपुर : आम के ट्रे में छिपाकर ले जा रहे 2 क्विंटल गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, एक करोड़ से ज्यादा का माल जब्त, तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कांसाबेल थाना क्षेत्र के दोकड़ा चौकी इलाके में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।

इस कार्रवाई में पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है और करीब एक करोड़ रुपये से अधिक का अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया है।

आम के ट्रे के बीच छिपाकर की जा रही थी तस्करी

जानकारी के अनुसार, तस्करी बेहद शातिर तरीके से की जा रही थी। गांजे को आम के ट्रे के बीच छिपाकर पिकअप वाहन में रखा गया था, ताकि जांच से बचा जा सके।

पुलिस की जांच में कुल 207 पैकेट में 207 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे टेप से लपेटकर छिपाया गया था। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

नाकेबंदी के दौरान पकड़ा गया आरोपी

पुलिस को 12 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप वाहन में गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने देवरी गांव के पास नाकेबंदी की।

इस दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने भागने का प्रयास किया। बाद में बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग पर पुलिस ने वाहन को घेरकर पकड़ लिया।

ओडिशा से यूपी तक फैला था तस्करी नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा के सुंदरगढ़ से लाया गया था। इसे अंबिकापुर पहुंचाया जाना था, जहां से आगे इसे उत्तर प्रदेश भेजने की योजना थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बगीचा थाना क्षेत्र के विमड़ा गांव निवासी प्रेम नाथ सिंह (36) के रूप में हुई है। उसके पास से पिकअप वाहन, मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच के लिए एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दी गई है।

जशपुर पुलिस की लगातार सख्ती

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

जनवरी 2026 से अब तक पुलिस ने—

  • ₹3.24 करोड़ से अधिक का नशीला सामान जब्त किया
  • 744 किलो से अधिक गांजा पकड़ा
  • 1840 नशीली कफ सिरप की बोतलें जब्त कीं
  • 27 तस्करों को गिरफ्तार किया
  • 54 लाख रुपये से अधिक के वाहन जब्त किए