July 29, 2026

CG Weather Update: बिलासपुर सबसे गर्म, 45 डिग्री पहुंचा पारा; अगले 5 दिन लू और भीषण गर्मी का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जताई है। साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। बुधवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विज्ञान विभाग रायपुर केंद्र के अनुसार, मुंगेली में 43.9°C, सक्ती में 43.8°C, जबकि बालोद और कबीरधाम में 43.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर तेज रहा और यहां अधिकतम तापमान 43.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा।

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

अगले 5 दिनों तक राहत नहीं

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी है।

रायपुर के लिए जारी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 21 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। शहर में अधिकतम तापमान 44°C और न्यूनतम तापमान 30°C के आसपास रहने की संभावना है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। विभाग ने पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढंककर रखने की अपील की है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।

हालांकि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा।