September 4, 2026

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, उत्तर इलाके में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है।

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र

मौसम में बदलाव की मुख्य वजह उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र है। इसके साथ बना चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 12 घंटों में यह सिस्टम और स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद इसके अवदाब में तब्दील होने तथा अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है।

उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर

इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं अगले चार दिनों तक इन इलाकों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात होने की भी संभावना जताई गई है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों में ओड़गी, वाड्रफनगर और डौरा कोचली में 7-7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। रघुनाथनगर, चलगली और कुसमी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।

इसके अलावा तमनार और चांदो में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि अजगरबहार, मोहला और शंकरगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

साल्हेवारा, बिहारपुर, रतनपुर, सामरी, खरसिया, कोरबा, जनकपुर भरतपुर, मैनपाट, दरी और घरघोड़ा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं छाल, कोटाडोल, बलरामपुर, खड़गांव, रायगढ़, मरवाही, राजपुर, धमधा, छुरिया, मनोरा, डौंडीलोहारा और डोंगरगढ़ में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 13 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

रायपुर और दुर्ग में 33.2 डिग्री तापमान

12 अगस्त को रायपुर और दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा।

अगले चार दिन सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और इसके संभावित रूप से मजबूत होने के प्रभाव से अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रह सकता है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग की सलाह

भारी बारिश और वज्रपात की संभावना वाले इलाकों में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है। साथ ही स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है।