July 27, 2026

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट, 3 दिन बाद बढ़ेगा तापमान

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 3 दिनों तक गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम में सुधार आएगा। वहीं, अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।

प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के आंकड़ों के अनुसार, अमलीपदर में 3 सेमी, दोरनापाल, सुकमा और मुकडेगा में 2-2 सेमी तथा घरघोड़ा और कोंटा में 1-1 सेमी वर्षा हुई।

मौसम प्रणाली की बात करें तो ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल से तमिलनाडु तक द्रोणिका बनी हुई है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने आज के लिए चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

अगले दो दिनों में भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।

रायपुर में आज मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।