March 5, 2026

प्रदेश में ठंड कमजोर, गर्मी का असर बढ़ा, 3 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है और गर्मी ने अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। बीते 24 घंटे में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जनवरी के अंतिम दिनों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते ठंड में बढ़ोतरी का सिलसिला थम गया था। लगातार सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण तापमान में गिरावट रुक गई और धीरे-धीरे गर्मी का प्रभाव बढ़ने लगा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब ठंड का दायरा सिमटता जाएगा और आने वाले दिनों में इसका असर और कमजोर पड़ेगा।

फिलहाल ठंड का असर सुबह के समय महसूस हो रहा है, लेकिन अगले कुछ दिनों में इसमें भी कमी आने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अंबिकापुर का तापमान सामान्य से 2 डिग्री और रायपुर का तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी क्षेत्रों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्वी ईरान के ऊपर 4.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके साथ ही 2 और 5 फरवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं।

इन मौसम प्रणालियों के असर से न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 2 फरवरी से तापमान में क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। वहीं 3 फरवरी को प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

राजधानी रायपुर में आज सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।