रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है और फरवरी का पहला पखवाड़ा भी इसी तरह गुजरने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है, हालांकि अगले दो दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पंजाब और उससे लगे उत्तर पाकिस्तान के ऊपर करीब 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। वहीं एक प्रेरित चक्रीय परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है।
उन्होंने बताया कि इसके असर से प्रदेश में बुधवार से न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे में शहर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।





