May 18, 2026

छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क, 3 दिन बाद तापमान में गिरावट के आसार; कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है और अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद प्रदेश में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। प्रदेश में फिलहाल कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, एक निम्न दबाव क्षेत्र बिहार से पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र तक झारखंड के ऊपर करीब 1.5 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है। वहीं एक द्रोणिका/पवन असातत्य उत्तरी ओडिशा के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण से दक्षिणी छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिणी तमिलनाडु तक समुद्र तल से लगभग 0.9 किमी ऊपर तक स्थित है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिनों के बाद भी कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।

राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।