May 15, 2026

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी, 19 अप्रैल तक कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार तेवर दिखा रही है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि आने वाले दिनों में तापमान में 3 डिग्री तक और इजाफा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बढ़ोतरी का सिलसिला अभी जारी रह सकता है।

मौसम विभाग ने 19 अप्रैल तक बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) चलने की चेतावनी जारी की है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम प्रणालियों का असर

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।
उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्व राजस्थान से मणिपुर तक एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका फैली हुई है।

इसके अलावा उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश से मन्नार की खाड़ी तक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है, जबकि कर्नाटक और उससे लगे महाराष्ट्र के ऊपर 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक प्रति चक्रवात सक्रिय है।

इन सभी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रह सकती है। मध्य क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हीटवेव चलने की संभावना है, जबकि बस्तर संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां ग्रीष्म लहर चलने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इस वजह से दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी महसूस होगी, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो सकती है।