रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी अब तेज तेवर दिखाने लगी है। राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा बिलासपुर और राजनांदगांव में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जिससे दिनभर गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं भी बारिश नहीं हुई है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने बताया कि एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इसके चलते 13 अप्रैल को भी मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के मध्य भाग में 15 अप्रैल से हीट वेव (लू) चलने और लू जैसे हालात बनने की संभावना है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने तेज गर्मी को देखते हुए दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।





