July 29, 2026

CG Weather Update : उमस और गर्मी से लोग बेहाल, अगले चार दिनों में बढ़ेगा तापमान

CG Weather Update : रायपुर। हवा में नमी की मौजूदगी लोगों को हलाकान कर रही है। प्रदेश में गर्मी और उमस का दौर लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अब रोजाना औसतन एक डिग्री तापमान बढ़ने की संभावना है और अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के मध्य और उत्तर भाग में भीषण गर्मी पड़ सकती है। वहीं मई माह के अंतिम दिनों में केरल तक मानसून पहुंचने के असर से छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने और हल्की बौछार पड़ने के आसार हैं। मई महीने में अब तक मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला है।

मंगलवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। इस दौरान बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक विस्तारित है, जबकि दूसरी द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से लक्षद्वीप तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 20 मई को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। प्रदेश के मध्य और उत्तर हिस्सों में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनने के संकेत भी मिले हैं।

रायपुर शहर के मौसम की बात करें तो आज आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।