CG WEATHER UPDATE: रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आज और कल भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर में बुधवार को सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे। दोपहर तक उमस ने लोगों को परेशान किया, लेकिन बाद में हुई हल्की बूंदाबांदी से राहत मिली। गुरुवार को भी शहर में बादलों का डेरा बना हुआ है और बारिश के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब से लेकर उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक एक मौसमी द्रोणिका समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। वहीं उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इन सिस्टमों के प्रभाव से प्रदेश में व्यापक वर्षा गतिविधियां जारी रहेंगी। हालांकि मानसून सक्रिय होने के बावजूद छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से करीब 60 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान बलरामपुर-रामानुजगंज में 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर में 34 डिग्री, जशपुर में 33.5 डिग्री, अंबिकापुर में 33.1 डिग्री, कोरबा में 32.9 डिग्री, दुर्ग में 30.6 डिग्री और जगदलपुर में 28.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और बारिश होने की संभावना जताई है। राजधानी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





