July 31, 2026

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अत्यधिक वर्षा हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की फुहारें पड़ती रहीं। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों में सारंगढ़ में सर्वाधिक 14 सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लाल बहादुर नगर में 11 सेमी, सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेमी, चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेमी तथा सरसीवा में 8 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी 2 से 7 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई।

आज इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा सहित कई जिलों में अगले तीन घंटों के लिए हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 30°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है।