रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर समेत अनेक जिलों में बीते दो-तीन दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
8 जुलाई से बारिश की तीव्रता घटने के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल तट पर बने अवदाब के कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा हो रही है। अगले दो दिनों तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है। हालांकि 8 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता में कमी आने के संकेत हैं।
कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। राजिम में 19 सेंटीमीटर, दुर्ग में 18 सेंटीमीटर, छुरा में 16 सेंटीमीटर तथा रायपुर शहर, राजनांदगांव और पाटन में 15-15 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। गोबरा नवापारा और माना में 14-14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा अर्जुन्दा में 13 सेंटीमीटर, लाभांडी और गुंडरदेही में 12-12 सेंटीमीटर, भिलाई में 11 सेंटीमीटर तथा कोमाखान में 10 सेंटीमीटर बारिश हुई। धमतरी, अभनपुर, डोंगरगढ़, गरियाबंद, कुरूद और अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर में जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग ने रायपुर में 6 जुलाई को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
25 से अधिक जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 से अधिक जिलों के लिए विभिन्न स्तर के अलर्ट जारी किए हैं। धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया जिलों में भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं बस्तर संभाग सहित कई अन्य जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।





