July 31, 2026

CG Weather Update: 27 जून से पूरे छत्तीसगढ़ में तेज होगी बारिश, रायपुर में आज गरज-चमक के साथ वर्षा के आसार

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। विभाग के अनुसार 27 जून से पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। साथ ही अगले 3 से 4 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के शेष हिस्सों में भी पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक कुसमी, बस्तर और बकावंड में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि बलरामपुर और गीदम में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुकी है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी अगले तीन से चार दिनों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है।

इसके अलावा उत्तर राजस्थान से बिहार तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। वहीं उत्तर-पूर्व एवं पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 4.5 से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है।

मौसम विभाग ने 26 जून को भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है।