July 30, 2026

CG Weather Update: रायपुर में प्री-मानसून बारिश से मिली राहत, अगले 3 दिनों में छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात हुई तेज बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने इसे प्री-मानसून गतिविधि बताया है और अगले तीन दिनों के भीतर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है। इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मंगलवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। 11 जून से मौसम संबंधी गतिविधियों में और वृद्धि हो सकती है।

प्रदेश में सोमवार को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। बस्तर जिले के तोकापाल में 1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश एवं यनम तक फैली हुई है, जिससे प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। हालांकि मौसम विभाग ने शहर के लिए बारिश की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।