रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब छत्तीसगढ़ की दहलीज तक पहुंच चुका है और जल्द ही प्रदेश में इसकी औपचारिक एंट्री होने की संभावना है। मानसून के आगमन से पहले गुरुवार को रायपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं। दिनभर की उमस और भीषण गर्मी के बाद रात में हुई बारिश से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, जगदलपुर सबसे ठंडा
गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा।
कई जिलों में अच्छी बारिश
प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक 5-5 सेंटीमीटर बारिश कोंटा और गरियाबंद में दर्ज की गई। इसके अलावा मैनपुर में 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
गादीरस, बड़े बचेली, सुकमा और नांगुर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं छोटेडोंगर, नरहरपुर, कांकेर, दरभा, बड़ेराजपुर, चरामा, जगदलपुर, बस्तर, जगरगुंडा, छुरा, केशकाल, भानपुरी और तोकापाल में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा उसूर, पाटन, छिंदगढ़, कोमाखान, भोपालपटनम, कुकरेल, सरोना, तोंगपाल, बेलरगांव, बालोद, नगरी, दंतेवाड़ा, माकड़ी, दुर्ग, धनोरा, लोहांडीगुड़ा, कुआकोंडा और दोरनापाल में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
आज भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मानसून की दस्तक से पहले प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और आने वाले दिनों में अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।





