रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। प्रदेश में बारिश पर ब्रेक लगने से पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। लगातार बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को अभी कुछ और समय इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने 15 और 16 जुलाई से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।
प्रदेश में अब तक सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। सोमवार को राजधानी रायपुर पूरी तरह सूखा रहा और प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। रायपुर और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी रायपुर में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल तेज बारिश की संभावना कम है, लेकिन मौसम में नमी बनी रहेगी।
15-16 जुलाई से बढ़ेगी बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 15 और 16 जुलाई को प्रदेश के कई इलाकों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम का सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, हिसार, मुरादाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, बालुरघाट होते हुए मणिपुर तक बनी हुई है। वहीं उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर औसत समुद्र तल से 4.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से मंगलवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है।





