रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री के बावजूद बारिश की रफ्तार धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश का मौसम बदला हुआ रह सकता है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जबकि मध्य क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रहने और हीट वेव जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
प्रदेश में जून के 21 दिनों के दौरान अब तक केवल 32.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। किसी भी जिले में सामान्य वर्षा का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में मजबूत सिस्टम नहीं बनने के कारण मानसून की सक्रियता कमजोर बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। हालांकि फिलहाल मानसून बस्तर संभाग तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाया है।
बिलासपुर रहा सबसे गर्म
रविवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी और गरियाबंद जिलों में तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।





