July 31, 2026

CG Weather Update: थमा मानसून, उमस ने बढ़ाई परेशानी; कई जिलों में बारिश-बिजली का यलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पिछले दो दिनों तक रायपुर समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश के बाद अब मौसम ने करवट ले ली है, जिससे गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार अब प्रदेश में अच्छी बारिश के लिए बंगाल की खाड़ी में नया मौसम तंत्र बनने का इंतजार है। हालांकि, अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम प्रणाली

मौसम विभाग ने बताया कि मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी वहीं स्थित है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 9.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है, जिसके अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। वहीं मानसून द्रोणिका गंगानगर, रोहतक, मध्य उत्तर प्रदेश, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए मिजोरम तक फैली हुई है।

पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों में रघुनाथनगर, कुसमी और बड़ेबचेली में 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कापू, दर्री, लैलूंगा, शंकरगढ़, कोरबा, बैकुंठपुर, प्रेमनगर और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। बिलासपुर, बीजापुर, अकलतरा, अर्जुन्दा, दुर्गकोंदल समेत कई क्षेत्रों में 2 सेंटीमीटर, जबकि जांजगीर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, अंबिकापुर, पेंड्रा, चांपा, बारसूर सहित कई स्थानों पर 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

कई जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

अगले दो दिन का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।