रायपुर : छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव के बाद लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और ओलावृष्टि भी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में पहले 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। 18 और 19 मार्च को प्रदेश के कुछ इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक, वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस माना एयरपोर्ट, रायपुर में रिकॉर्ड किया गया।
सिनोप्टिक सिस्टम
पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं, एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी स्तर की पछुआ हवाओं में द्रोणिका के रूप में सक्रिय है, जिसका अक्ष 80° पूर्व देशांतर और 22° उत्तर अक्षांश के पास स्थित है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक, वज्रपात और ओलावृष्टि हो सकती है।
आने वाले दो दिनों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
रायपुर में मौसम का हाल
राजधानी रायपुर में 18 मार्च को आकाश आंशिक मेघमय रहने की संभावना है। यहां गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बीजापुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, मुंगेली और नारायणपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवा, गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि/बारिश की संभावना है।
(जारी समय: 18 मार्च, सुबह 7:26 बजे | वैधता: सुबह 10:26 बजे तक)
इन जिलों में येलो अलर्ट
बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कोंडागांव, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, रायपुर, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
(जारी समय: 18 मार्च, सुबह 7:30 बजे | वैधता: सुबह 10:30 बजे तक)





