रायपुर।
छत्तीसगढ़ के मध्य क्षेत्रों में एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ गई है, जबकि सरगुजा और बस्तर संभाग के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर में रविवार को बारिश नहीं होने से लोगों को दिनभर तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम विभाग ने आज 13 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। वहीं प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की भी संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पेंड्रा रोड में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सिनोप्टिक सिस्टम
मौसम विभाग ने बताया कि समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, हिसार, मेरठ, शाहजहांपुर, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में दक्षिण असम तक फैली हुई है। वहीं उत्तर-पूर्व बिहार और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। अगले दो दिनों के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।





