July 31, 2026

CG Weather Update: 29 जून से प्रदेशभर में बढ़ेगी बारिश, रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक और बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री के बावजूद राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में अब तक अपेक्षित बारिश नहीं होने से उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग का रायपुर में लगातार बारिश का पूर्वानुमान फिलहाल सटीक साबित नहीं हुआ है। हालांकि, विभाग ने 29 जून से अगले चार दिनों तक प्रदेशभर में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है। साथ ही अगले तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के राज्य के शेष हिस्सों तक पहुंचने के आसार भी हैं।

इन जिलों में हुई बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान कोहकामेटा में 7 सेंटीमीटर, कोंटा में 6 सेंटीमीटर और खड़गांव में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं करपावंड, फरसगांव, मानपुर, नारायणपुर, मर्दापाल, रामचंद्रपुर और गंडई में 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई। बकावंड, मुंगेली, दुर्ग, कटेकल्याण और औंधी में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

रविवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ।

सक्रिय हैं कई मौसमीय सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश से विदर्भ और तेलंगाना तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है। मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश से छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र तक 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक और द्रोणिका प्रभावी है। इन मौसमीय प्रणालियों के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है।

इन जिलों के लिए अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं चलने और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।