रायपुर। मई के पहले पखवाड़े के बाद छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश में कहीं तेज गर्मी तो कहीं हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बनने से 13 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को राजधानी रायपुर में तेज गर्मी रही। शाम के समय गर्म हवाएं चलने से उमस में भी बढ़ोतरी महसूस की गई। वहीं प्रदेश के अन्य संभागों में भी अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। सप्ताह के अंत तक मानसून की गतिविधियां और सक्रिय हो सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण लगभग 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है, जिसके अगले 48 घंटों में और मजबूत होने की संभावना है।
इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से मणिपुर तक एक द्रोणिका पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से बुधवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा, गरज-चमक, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश, गरज-चमक और अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।





